नई दिल्ली: टाटा ग्रुप (Tata Group) देश का सबसे बड़ा औद्योगिक घराना है। साथ ही यह देश के सबसे पुराने औद्योगिक घरानों में शामिल है। लेकिन यह दुनिया की टॉप 50 इनोवेटिव कंपनियों में शामिल भारत की एकमात्र कंपनी है। BCG Global Innovation Survey 2023 में टॉप 50 इनोवेटिव कंपनियों की लिस्ट में अमेरिका का दबदबा है। अमेरिका की 25 कंपनियों को इसमें जगह मिली है। चीन की आठ कंपनियां इस लिस्ट में शामिल हैं। टॉप पांच में सभी कंपनियां अमेरिका की हैं। अगर टॉप 10 की बात करें तो इनमें अमेरिका की छह, चीन की दो, दक्षिण कोरिया की एक और जर्मनी की एक कंपनी शामिल है। टॉप 10 में भारत की किसी भी कंपनी को जगह नहीं मिली है।
इस लिस्ट में टाटा ग्रुप 20वें नंबर पर है। लिस्ट में पहले छह नंबर पर अमेरिका की कंपनियां काबिज हैं। आईफोन बनाने वाली अमेरिका की दिग्गज टेक कंपनी ऐपल पहले, एलन मस्क की ईवी मेकर कपंनी टेस्ला दूसरे, ऐमजॉन तीसरे, गूगल की पेरेंट कंपनी अल्फाबेट चौथे, माइक्रोसॉफ्ट पांचवें और मॉडर्ना छठे नंबर पर है। इस लिस्ट में दक्षिण कोरिया की दिग्गज टेक कंपनी सैमसंग सातवें, चीन की टेलिकॉम इक्विपमेंट कंपनी हुआवे आठवें और ईवी मेकर बीवाईडी नौवें और जर्मनी की सीमंस दसवें नंबर पर है। इसके बाद 11वें से 19वें तक सारी अमेरिकन कंपनियां हैं। इनमें फाइजर, जॉनसन एंड जॉनसन, स्पेसएक्स, एनवीडिया, एक्सनमोबाइल, मेटा, नाइकी, आईबीएम और 3एम शामिल हैं।
टाटा का कारोबार
भारत का टाटा ग्रुप इस लिस्ट में 20वें नंबर पर है। टाटा ग्रुप कई तरह का कारोबार करता है और इसकी दो दर्जन से ज्यादा कंपनियां लिस्टेड हैं। टाटा ग्रुप मार्केट कैप के हिसाब से देश का सबसे बड़ा ग्रुप है। नमक से लेकर लग्जरी कार तक बनाकर देने वाले इस ग्रुप की शुरुआत 1868 में हुई थी। आज कई सेक्टर्स में इसका दबदबा है। टीसीएस देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी है जबकि स्टील में टाटा स्टील, ऑटो में टाटा मोटर्स और होटल सेक्टर में इंडियन होटल कंपनी का दबदबा है। एयर इंडिया की घर वापसी के बाद एविएशन सेक्टर में टाटा ग्रुप बड़ी ताकत बनकर उभरा है। टाटा की ताकत का जलवा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसका मार्केट कैप पाकिस्तान की कुल जीडीपी से ज्यादा है।
![]()