सावधान! ओपन स्कूल में पास कराने के नाम पर मांगे जा रहे पैसे; MP बोर्ड ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

मध्य प्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड के नाम पर परीक्षार्थियों और उनके परिजनों से धोखाधड़ी करने वाला एक बड़ा गिरोह सक्रिय हुआ है. ये साइबर ठग खुद को बोर्ड का अधिकारी बताकर छात्रों को फेल होने का डर दिखाते हैं और फिर पास कराने के बदले मोटी रकम की मांग करते हैं.
बोर्ड को शिकायतें मिली हैं कि कुछ अज्ञात व्यक्ति फोन कॉल के जरिए विद्यार्थियों से संपर्क कर रहे हैं. इस संबंध में बोर्ड ने स्थिति साफ की है. जिन नामों का उपयोग कर ठग फोन कर रहे हैं, उस नाम का कोई भी व्यक्ति बोर्ड कार्यालय में कार्यरत नहीं है. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि किसी भी विद्यार्थी को पैसों के बदले पास कराना पूरी तरह असंभव है.

परीक्षार्थियों का परिणाम केवल उनकी उत्तर पुस्तिकाओं में लिखे गए उत्तरों के आधार पर ही घोषित किया जाता है. अभिभावकों और छात्रों की सहायता के लिए बोर्ड ने एक आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. किसी भी संदेहास्पद कॉल की जानकारी आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर 0755-2671066 पर दी जा सकती है.

राज्य ओपन स्कूल बोर्ड ने इन साइबर ठगों के खिलाफ FIR दर्ज करा दी है और वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है. बोर्ड ने अपील की है कि अभिभावक ऐसे किसी भी प्रलोभन में न आएं और अपनी मेहनत की कमाई को ठगों से सुरक्षित रखें.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *