प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने के अंत में न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में संबोधन देने नहीं जाएंगे. UNGA के स्पीकर्स की बदली गई प्रोविजनल लिस्ट में पीएम मोदी का नाम शामिल नहीं है. ये बात ऐसे समय में सामने आई है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के भारत पर लगाए 50 प्रतिशत टैरिफ के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा हुआ है.
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, विदेश मंत्री एस जयशंकर का नाम स्पीकर्स की लिस्ट में शामिल है. वो 27 सितंबर को जनरल डिबेट के दौरान हिस्सा लेने वाले हैं. इससे पहले, जुलाई में स्पीकर्स की पिछली लिस्ट जारी की गई थी. जिसके मुताबिक, पीएम मोदी को 26 सितंबर को जनरल डिबेट को संबोधित करना था. इजरायल, चीन, पाकिस्तान और बांग्लादेश के सरकारों के मुखिया 26 सितम्बर को UNGA के जनरल डिबेट को संबोधित करेंगे.
बताते चलें, संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 80वें सत्र की शुरुआत 9 सितंबर को होगी. ये हाई लेवल जनरल डिबेट 23 से 29 सितंबर तक चलेगी. जिसमें ब्राजील पारंपरिक रूप से सत्र का पहला वक्ता होगा. उसके बाद अमेरिका की बारी आएगी. अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप 23 सितंबर को प्रतिष्ठित यूएनजीए मंच से वर्ल्ड लीडर्स को संबोधित करेंगे. वॉइट हाउस में अपने दूसरे कार्यकाल में ये उनका संयुक्त राष्ट्र सत्र को पहला संबोधन होगा.
![]()