अगर आप सच्चे भारतीय तो ऐसा नहीं कहेंगे’, राहुल गांधी से सुप्रीम कोर्ट ने पूछा- कैसे पता चीन ने जमीन कब्जा ली?

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट ने फटकार लगाई है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा यह फटकार भारत और चीन की सेनाओं के बीच झड़प के बाद उनके द्वारा की गई कथित टिप्पणी को लेकर लगाई गई है।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा, “आपको कैसे पता चला कि चीन ने 2000 वर्ग किलोमीटर जमीन पर कब्जा कर लिया है? विश्वसनीय जानकारी क्या है? अगर आप सच्चे भारतीय होते, तो ऐसा नहीं कहते। जब सीमा पार कोई विवाद होता है… तो क्या आप ये सब कह सकते हैं? आप संसद में सवाल क्यों नहीं पूछ सकते?”
न्यूज एजेंसी ANI ने यह भी जानकारी दी कि सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में राहुल गांधी को रिलीफ देते हुए कोर्ट में उनके खिलाफ चल रहे इस मामले पर स्टे लगा दिया है।

‘आप विपक्ष के नेता हैं, अपनी बात संसद में कहें’

सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी को फटकार लगाते हुए कहा कि अगर आप सच्चे भारतीय हैं तो आप ऐसी बातें नहीं कहेंगे। सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी से पूछा कि उन्हें कैसे पता चला कि 2,000 किलोमीटर जमीन चीन ने कब्जा ली है।

जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की बेंच ने मामले में उत्तर प्रदेश सरकार और शिकायतकर्ता को नोटिस जारी किया। बेंच ने कहा, “आप विपक्ष के नेता हैं। संसद में बातें कहें, सोशल मीडिया पर क्यों कहते हैं?”

इसी दौरान सुप्रीम कोर्ट ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान भारतीय सेना के बारे में कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ अधीनस्थ अदालत में कार्यवाही पर रोक लगाई।

आपको बता दें कि इलाहाबाद हाई कोर्ट ने 29 मई को गांधी की याचिका खारिज कर दी थी। राहुल गांधी ने समन आदेश और शिकायत को यह कहते हुए चुनौती दी थी कि यह दुर्भावना से प्रेरित था। यहां की एक अदालत में दायर अपनी याचिका में शिकायतकर्ता उदय शंकर श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि दिसंबर 2022 की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान गांधी ने चीन के साथ सीमा गतिरोध के संदर्भ में भारतीय सेना के बारे में कई अपमानजनक टिप्पणियां कीं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *