लखनऊ में नए साल के पहले दिन एक होटल में एक युवक ने मां और चार बहनों की हत्या कर दी है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के बाद आरोपी युवक का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में युवक कहता हुआ दिख रहा कि आज बस्ती वालों की वजह से हमने थक हारकर यह कदम उठाया है। आज मैंने अपने हाथ से अपनी बहनों और अपने आपको मारा है। पुलिसवालों को यह वीडियो मिले तो आप बस एक बात जानिए कि इसके लिए बस्तीवाले जिम्मेदार हैं। उन्होंने हमारा घर छीन लिया। घर के चक्कर में हमारे ऊपर काफी जुल्म किए हैं। युवक ने कहा कि मेरी मोदी जी और योगी जी से यही विनती है कि हर मुसलमान एक जैसा नहीं होता। हाथ जोड़कर विनती करता हूं कि इंसाफ कर दीजिए। उन लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। युवक ने बताया है कि हिंदू बनना चाहते थे। हम धर्म परिवर्तन करना चाह रहे थे। युवक ने योगी और मोदी से भी न्याय की गुहार लगाई है।
हम घर को मंदिर के नाम करना चाहते थे
वीडियो में युवक अरशद ने लखनऊ पुलिस से गुजारिश की है। युवक ने कहा कि आप इन जैसे मुसलमान मत छोड़ना। ये मुसलमान हर जगह जमीनों पर कब्जा करते हैं। लोगों पर जुल्म करते हैं। उसने आगे कहा कि ये न जाने कैसे कैसे गैरकानूनी धंधे करते हैं। उसने बताया कि दस-पंद्रह दिन हो गए। हम ठंड में हम फुटपाथ पर सो रहे हैं। हमारा घर इन्होंने छीन लिया है। पेपर हमारे पास हैं। हम घर को मंदिर के नाम करना चाहते थे। युवक अरशद ने बताया कि हम लोग बस्तीवालों से परेशान होकर धर्म परिवर्तन करना चाहते थे।
हमारी बहनों को बेचना चाहते थे
उसने बताया कि ये लोग भूमाफिया का गैंग चलाते हैं। उसने कहा कि ये लोग लड़कियों को बेचते हैं। हमारी बहनों को भी हैदराबाद में बेचना चाहते थे। इसलिए हमें मजबूरन अपनी बहनों का गला दबाकर उनकी नसें काटकर मारना पड़ा। उसने आगे कहा कि हमारी मौत की जिम्मेदार पूरी बस्ती है। इसमें सबसे पहले- रानू उर्फ आफताब अहमद, अलीम खान, ड्राइवर, अहमद, आरिफ, अजहर हैं।
होटल में हुई वारदात
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) (मध्य लखनऊ) रवीना त्यागी ने कहा कि घटना नाका क्षेत्र में स्थित होटल शरनजीत में हुई। त्यागी ने बताया आरोपी की पहचान अरशद (24) के रूप में हुई जिसने अपने ही परिवार के पांच सदस्यों की कथित तौर पर हत्या कर दी। इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटनास्थल से ही पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान आलिया (नौ), अलशिया (19), अक्सा (16), रहमीन (18), सभी अरशद की बहनें और अस्मा (आरोपी युवक की मां) के रूप में हुई है। त्यागी ने बताया कि 24 वर्षीय अरशद आगरा का रहने वाला है और प्रारंभिक पूछताछ से पता चला कि उसने घरेलू विवाद के कारण इस घटना को अंजाम दिया।
![]()