दिल्ली एयरपोर्ट पर बम की झूठी खबर देने वाला शख्स गिरफ्तार, बताई ऐसा करने की वजह

दिल्ली पुलिस ने इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर बम रखे होने संबंधी दो झूठी सूचनाएं देने के मामले में एक शख्स को शहर के उत्तम नगर इलाके से गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम शुभम उपाध्याय है। इस शख्स ने शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को सोशल मीडिया के ज़रिए IGI एयरपोर्ट पर बम होने की सूचना दी थी। हालांकि जांच के बाद यह खबर झूठी साबित हुई थी।
जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज करते हुए झूठी खबर को देने वाले शख्स का पता लगाया और आरोपी शुभम उपाध्याय को उत्तम नगर के राजापुरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक बारहवीं तक पढ़ा है और बेरोजगार है।

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने टीवी पर इस तरह की खबरें देखकर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचने के लिए ये मैसेज भेजे थे। इस बारे में जानकारी देते हुए IGI एयरपोर्ट के DCP उषा रंगनानी ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच चल रही है।

उधर केंद्र सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी (IT) मंत्रालय ने विमानन कंपनियों को उनके विमानों को बम से उड़ाने की मिलने वाली फर्जी धमकियों की बढ़ती संख्या के बीच सोशल मीडिया मंचों से कहा है कि वे उचित सावधानी बरतें और IT नियमों के तहत निर्धारित कठोर समयसीमा के भीतर गलत सूचना को तुरंत हटा दें या उस तक पहुंच को बाधित करें।

यह कदम इसलिए अहम है क्योंकि पिछले 12 दिनों में भारतीय विमानन कंपनियों द्वारा संचालित 275 से अधिक उड़ानों को बम से उड़ाने की फर्जी धमकियां मिली हैं। अधिकतर धमकियां सोशल मीडिया के माध्यम से दी गईं। शुक्रवार को ही भारतीय विमानन कंपनियों द्वारा संचालित 25 से अधिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलीं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *