नया रिकार्ड, 33 घंटे से ज्यादा खुले रहे तिघरा के सातों गेट

ग्वालियर। भारी वर्षा के चलते अपर ककैटो, ककैटो और पेहसारी के साथ ही घाटीगांव स्थित कैचमेंट एरिया से लगातार आ रहे पानी के चलते तिघरा बांध के गेट लगातार 33 घंटे से ज्यादा समय तक खुले रहे। गत बुधवार दोपहर 12 बजे तिघरा बांध के सात गेट खोलकर अतिरिक्त पानी निकालना शुरू किया गया था, जो गुरुवार की रात 9:20 बजे तक जारी रहा।

बुधवार को बांध का जल स्तर जहां 738.50 फीट बना हुआ था, जो गुरुवार को घटकर 738 फीट तक पहुंच गया। इसके बावजूद लगातार पानी की आवक बनी रही, जिसके कारण बांध के सातों गेट खोलकर रखे गए। जलसंसाधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह एक नया रिकार्ड है, क्योंकि अभी तक बांध के गेटों को अधिकतम आठ से नौ घंटों के लिए ही खोला गया है। इस अवधि में अतिरिक्त पानी को निकाल दिया जाता था, लेकिन बुधवार तड़के शुरू हुई वर्षा के कारण भारी मात्रा में पानी की आवक बनी हुई थी, जिसके कारण बांध के गेटों को एक दिन से अधिक समय तक खोलकर रखा गया है।

फाल्ट से 22 घंटे बंद रहा प्लांट, आज से नियमित आपूर्ति

तिघरा बांध के लबालब होने के बाद शहर में नियमित आपूर्ति की व्यवस्था गुरुवार को भी लागू नहीं हो पाई। तिघरा स्थित वाटर फिल्ट्रेशन प्लांट पर फाल्ट होने के कारण 22 घंटे के लिए विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। बुधवार की शाम सात बजे हुए विद्युत फाल्ट के बाद गुरुवार शाम पांच बजे विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी। इसके चलते प्लांट बंद रहा और पानी का फिल्ट्रेशन नहीं हो पाया। अब शुक्रवार से नियमित आपूर्ति की व्यवस्था की जाएगी। हालांकि निगम की घोषणा के बाद लोग नियमित आपूर्ति के लिए पानी का इंतजार करते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *