महाराष्ट्र के बारामती में विधायक रोहित पवार के पीए की 15 साल की बेटी की संदिग्ध अवस्था में लाश मिली है. वह कल से लापता बताई जा रही थी. घर के पास ही एक नाले में उसकी लाश मिली है. बताया जा रहा है कि शनिवार को वह अपनी मां से किसी वजह से नाराज होकर घर से चली गई थी.
इस मामले में देर रात बारामती तालुका पुलिस थाने में लड़की के अपहरण और लापता होने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी. एक तरफ पुलिस लड़की की तलाश कर रही थी, तभी उसकी लाश मिलने से हड़कंप मच गया.
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक रोहित पवार बारामती मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे. पुलिस के मुताबिक, लड़की कल शाम 4 बजे मां से विवाद के बाद नाराज होकर घर से चली गई थी. बता दें, रोहित पवार महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चित नाम हैं. वे राजेंद्र पवार और सुनंदा पवार के बेटे हैं. उनके दादाजी अप्पासाहेब पवार थे, जो शरद पवार के बड़े भाई थे.
पुलिस ने तीन अलग-अलग जगहों पर टीमें भेजी थीं. वहीं, आज सुबह करीब 8:30 बजे लड़की की लाश मिली. इस मामले में बारामती के डीवाईएसपी चैतन्य कदम ने बताया कि लड़की के घर के बगल वाली बिल्डिंग की छत पर उसकी चप्पल मिली है और टेरेस का दरवाजा बंद था. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक रोहित पवार भी तुरंत बारामती अस्पताल पहुंचे. उन्होंने पुलिस से इस घटना की गहन जांच करने की मांग की है.
NCP-SCP विधायक रोहित पवार ने कहा, ‘मेरे प्राइवेट असिस्टेंट की 15 साल की बेटी कल रात लापता हो गई थी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी. परिवार और पुलिस की खोजबीन के बाद, आज सुबह करीब 8.30 बजे उनकी बिल्डिंग के पास उसका शव मिला. बारामती मेडिकल कॉलेज में उसका पोस्टमार्टम हो रहा है. हमने डिप्टी SP से कहा है कि वे ठीक से जांच करें और पता लगाएं कि क्या हुआ था. परिवार को न्याय चाहिए. CCTV फुटेज की जांच की जा रही है.’