प्री वेडिंग शूट कराने के लिए बड़े शहरों से ग्वालियर आ रहे कपल

ग्वालियर: शहरवासियों में प्री वेडिंग शूट का कांसेप्ट लगातार बढ़ रहा है। हर एक कपल शादी के पहले अपने खूबसूरत पलों को संजोना चाहता है। देवठान से शादी की शुरुआत हो जाएगी। इसके पहले प्री-वेडिंग शूट हो रहे हैं। शहर में इसके लिए किला, तिघरा डैम, रमौआ डैम, मितावली पड़ावली, बटेश्वर, बैजाताल आदि डेस्टिनेशन को पसंद किया जा रहा है। इस बार खास बात यह है कि मेट्रो सिटीज से लोग ग्वालियर प्री-वेडिंग शूट कराने आ रहे हैं। इसका कारण यह है कि यहां कम खर्चे में फोटो शूट हो जाता है। इन दिनों दिल्ली, गुड़गांव,  भोपाल, लखनऊ, झांसी से कपल आ रहे हैं।

अपने ही शहर की लोकेशन पसंद कर रहे शहरवासी

शहरवासी भी प्री-वेडिंग शूट के लिए अपने शहर की ही लोकेशन को चूज कर रहे हैं, क्योंकि यहां नदी, पहाड़, हरियाली, खुला माहौल सब कुछ है। यहां तिघरा में बोटिंग और किले पर शूट सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है। इसके अलावा वे जैसलमेर, ऋषिकेश, देहरादून, मसूरी में भी शूट करा रहे हैं। वहीं कुछ लोग कश्मीर और गोवा भी पसंद कर रहे हैं। हालांकि वहां के रेट काफी ज्यादा हैं।

बीस किमी की दूरी में सब कुछ, इसलिए चुना ग्वालियर

दिल्ली में रहने वाले बाबूलाल अग्रवाल बताते हैं कि मेरे बेटे रोहित की शादी 22 नवंबर की है। प्री-वेडिंग शूट के लिए हमने ग्वालियर को चुना। क्योंकि यहां 20 किमी की दूरी में सब कुछ मिल जाता है। फिर चाहे पहाड़ हो, बोटिंग करना हो या किले का शूट हो। खर्च भी कम आता है और परमीशन में दिक्कत नहीं आती। एक दिन में हो जाता है पूरा शूट गुड़गांव के साफ्टवेयर इंजीनियर आशु तिवारी ने बताया कि मेरी शादी दिसंबर में है। मैंने ग्वालियर में प्री वेडिंग शूट कराया है। यहां लोकेशन भी पास-पास है। एक दिन में शूट हो जाता है, जबकि मेट्रो सिटीज में पांच से छह दिन लगते हैं।

वेस्ट लोकेशन है ग्वालियर में

वेडिंग फोटोग्राफर राम माहेश्वरी ने बताया कि अब बाहर से लोग ग्वालियर प्री वेडिंग शूट के लिए आ रहे हैं। इसका कारण यह है कि उन्हें यहां कास्ट काफी कम आ जाती है। ग्वालियर में अच्छी लोकेशन मिलने के साथ शूट के लिए परमीशन आसानी से मिल जाती है। पिछले कुछ दिनों में मैंने दिल्ली और किशनगढ़ की पार्टी के प्री वेडिंग शूट कराए हैं। यहां उनका काफी कम खर्च में शूट हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *