बीजेपी नेता प्रभात झा का निधन:गुरुग्राम के अस्पताल में आज सुबह 5 बजे ली अंतिम सांस; लंबे समय से बीमार थे

बीजेपी के सीनियर लीडर और पूर्व मध्यप्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा का निधन हो गया है। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में आज सुबह 5 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। 67 वर्षीय झा लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके बेटे ने कहा कि अंतिम संस्कार शनिवार दोपहर 12 बजे बिहार के सीतामढ़ी जिले के कोरियाही गांव में होगा।

प्रभात झा को करीब 26 दिन पहले भोपाल के एक निजी अस्पताल से एयरलिफ्ट कर गुरुग्राम ले जाया गया था।

एक नजर प्रभात झा के जीवन पर..

प्रभात झा मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे। उनका जन्म 4 जून 1957 को बिहार के दरभंगा के हरिहरपुर गांव में हुआ था। वे परिवार के साथ मध्यप्रदेश के ग्वालियर आ गए थे। प्रारंभिक शिक्षा के बाद प्रभात झा ने ग्वालियर के पीजीवी कॉलेज से बीएससी, माधव कॉलेज से राजनीति शास्त्र में एमए और एमएलबी कॉलेज से एलएलबी की डिग्री ली।

उनकी शादी रंजना झा से हुई थी। दो बेटे हैं। बड़े बेटे तुष्मुल और छोटे अयत्न झा हैं।

शादी के बाद वे पत्रकारिता करने लगे। लंबे समय तक पत्रकारिता के बाद वे राजनीति में आए और बीजेपी के सदस्य बने। प्रभात झा बीजेपी के मुखपत्र ‘कमल संदेश’ के संपादक रहे। उन्होंने कई किताबें भी लिखीं।

बता दें कि, प्रभात झा ने भाजपा में कई पदों पर काम किया। मध्यप्रदेश ही नहीं उन्होंने बिहार, उत्तरप्रदेश समेत दिल्ली हरियाणा में भी भाजपा के लिए कार्य किया। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक पत्रकार के रूप में की थी। प्रभात झा ने पत्रकार के रूप में अयोध्या में स्वदेश समाचार पत्र के लिए भी कई महत्वपूर्ण स्टोरीज पर काम किया

राजनीति दलों ने दी श्रद्धांजलि

प्रभात झा के निधन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ समेत सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, वरिष्ठ नेता आदरणीय श्री प्रभात झा जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। बाबा महाकाल दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस भीषण वज्रपात को सहने की शक्ति दें। मध्यप्रदेश के विकास में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका सदैव हमे प्रेरित करेगी। आपका निधन राजनैतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।”

मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “भाजपा प्रभात जी ने अपना सम्पूर्ण जीवन संगठन के लिए समर्पित कर दिया। मध्य प्रदेश संगठन के विस्तार एवं उसको सुदृण बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। समय समय पर मुझे उनका मार्गदर्शन एवं स्नेह मिलता रहा है, उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *