क्या मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे ज्योतिरादित्य सिंधिया? मैहर में केंद्रीय मंत्री ने दिया बड़ा बयान

मैहर। क्या केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मध्य प्रदेश में भाजपा के मुख्यमंत्री चेहरे होंगे? इस सवाल को लेकर राजनीतिक गलियारों में जमकर चर्चा हो रही है। बता दें कि सिंधिया विधानसभा चुनाव पूर्व यह कहकर सुर्खियों में छा गए कि लोगों को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री की दौड़ में कभी भी सिंधिया परिवार को शामिल नहीं करना चाहिए।

सिंधिया ने क्या कुछ कहा?

सिंधिया ने मैहर जिले में गुरुवार को पत्रकारों से बात करते हुए यह बयान दिया। दरअसल, सिंधिया मैहर में मां शारदा के दर्शन करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकार ने सवाल किया कि क्या वह मुख्यमंत्री पद के दावेदार होंगे? इस पर उन्होंने कहा कि सिंधिया परिवार को कभी भी कुर्सी की दौड़ में शामिल न किया जाए। सिंधिया परिवार विकास, प्रगति और जनसेवा के जुनून के साथ दिन-रात काम करता है।

इस दौरान सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किए गए कार्यों की वजह से मध्य प्रदेश बीमारू राज्य से बाहर आ गया। इसने बेजोड़ राज्य की श्रेणी में अपना स्थान बनाया।

कांग्रेस पर बरसे सिंधिया

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सिंधिया ने कहा कि भाजपा लोगों के दिलों में है, जबकि कांग्रेस खुद की तुलना सिनेमा के पात्रों से कर रही है। यही कांग्रेस की चाहत है। कांग्रेस चाहे जय या बीरू बने। भाजपा लोगों के दिलों में बसने वाली पार्टी है। भाजपा लोगों की पार्टी है।

यह पूछे जाने पर कि भाजपा आगामी चुनाव में कितनी सीटें जीतने की उम्मीद कर रही है? इस पर सिंधिया ने कहा कि वह कोई ज्योतिषी नहीं हैं, लेकिन उन्हें यकीन है कि भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। सनद रहे कि मध्य प्रदेश में एक चरण में 17 नवंबर को मतदान होगा, जबकि तीन दिसंबर को वोटों की गिनती होगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *