तमिलनाडु से DMK सासंद ए राजा का विवादित बयान, बोले- भारत कभी एक राष्ट्र नहीं रहा, यह उपमहाद्वीप का समूह

चेन्नै: डीएमके सांसद ए. राजा के उस बयान से मंगलवार को विवाद खड़ा हो गया जिसमें उन्होंने कथित रूप से कहा कि भारत कभी एक राष्ट्र नहीं रहा, बल्कि यह एक उपमहाद्वीप है जहां कई प्रथाएं और परंपराएं हैं। इस बयान की न केवल बीजेपी बल्कि डीएमके की सहयोगी कांग्रेस ने भी निंदा की। बीजेपी ने राजा की टिप्पणी को विभाजन का आह्वान बताते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की। कांग्रेस ने कहा कि बोलते समय उन्हें संयम बरतना चाहिए।

ताजा विवाद एक विडियो के बाद उपजा जिसमें राजा कथित रूप से यह टिप्पणी करते दिख रहे हैं। एक विडियो में राजा कहते नजर आ रहे हैं – भारत एक राष्ट्र नहीं है। इस बात को अच्छे से समझ लें। भारत कभी एक राष्ट्र नहीं रहा।

ए राजा ने क्या कहा

ए राजा ने कहा कि एक राष्ट्र एक भाषा, एक परंपरा और एक संस्कृति को दर्शाता है और ऐसी विशेषताएं ही एक राष्ट्र का निर्माण करती हैं। भारत एक उपमहाद्वीप है जहां कई प्रथाएं और परंपराएं हैं। बीजेपी नेता रवि शंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि भारत की पहचान को बदनाम करना और भारतीय आस्था का अपमान करना इंडी गठबंधन की आदत है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ए. राजा को टुकड़े-टुकड़े गैंग का मेंबर करार दिया। उन्होंने कहा, वह हिंदी का अपमान करते हैं, भारत के खात्मे की बात करते हैं, टुकड़े टुकड़े गैंग का समर्थन करते हैं और अपने नेता के राज्यसभा चुनाव जीतने के बाद ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाते हैं। वे लोग हैं जो भारतीय संस्कृति को नष्ट करना चाहते हैं।

“भारत एक राष्ट्र नहीं है, बल्कि एक उपमहाद्वीप है जहां कई प्रथाएं और परंपराएं मौजूद हैं।”

                                           ए. राजा, डीएमके नेता

“ये भारत के खात्मे की बात करते हैं। ये लोग भारतीय संस्कृति को नष्ट करना चाहते हैं।”

                                     अनुराग ठाकुर, केंद्रीय मंत्री

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *