बंगाल की जनता से दुश्मनी निकाल रही TMC…’, हुगली में PM मोदी का ममता सरकार पर तीखा प्रहार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार दोपहर पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में पहुंचे. उन्होंने सिंगूर में कई अहम विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण किया. इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने दो अलग-अलग जनसभाओं को संबोधित भी किया. उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूर्वी भारत का विकास बेहद जरूरी है और केंद्र सरकार इसी दिशा में लगातार काम कर रही है. पीएम मोदी ने ममता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि टीएमसी बंगाल के लोगों से दुश्मनी निकाल रही है और केंद्र की योजनाएं यहां के लोगों तक नहीं पहुंचने दे रही है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि कल पश्चिम बंगाल से देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत की गई है. इसके साथ ही बंगाल को करीब आधा दर्जन नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें भी मिली हैं. आज तीन और अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई गई है. इनमें से एक ट्रेन मेरे संसदीय क्षेत्र काशी (वाराणसी) और बंगाल के बीच कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी.

‘आपस में जोड़े जा रहे बंदरगाह, हाइवे और एयरपोर्ट’  

उन्होंने कहा कि बालागढ़ में बनने वाला एक्सटेंडेड पोर्ट गेट सिस्टम हुगली और आसपास के इलाकों के लिए नए अवसरों का रास्ता खोलेगा. पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत में मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी और ग्रीन मोबिलिटी पर विशेष जोर दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि निर्बाध परिवहन सुनिश्चित करने के लिए बंदरगाह, नदी जलमार्ग, हाइवे और हवाई अड्डों को आपस में जोड़ा जा रहा है.

श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट पर सरकार ने किया बड़ा निवेश’

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट की क्षमता बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर निवेश किया है. सागरमाला योजना के तहत इस पोर्ट की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए सड़कें भी बनाई गई हैं. उन्होंने कहा कि आज इसके नतीजे हम सभी के सामने हैं.
इसके बाद पीएम मोदी हुगली जिले में ही एक दूसरे कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकल गए. उन्होंने कहा भी कि ‘पड़ोस में लोग मेरा इंतजार कर रहे हैं’. दूसरे कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने करीब 830 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण किया. साथ ही एक जनसभा को भी संबोधित किया.

‘बंगाल के लोगों से दुश्मनी निकाल रही टीएमसी’

पीएम मोदी ने कहा, ‘मेरा निरंतर प्रयास रहता है कि बंगाल के नौजवानों, किसानों, माताओं-बहनों की हर संभव सेवा करूं. लेकिन यहां की टीएमसी सरकार केंद्र सरकार की योजनाओं को आप तक ठीक से पहुंचने ही नहीं देती. टीएमसी तो बंगाल के लोगों से अपनी दुश्मनी निकाल रही है. टीएमसी यहां के नौजवानों, यहां की माताओं-बहनों, यहां के किसानों से दुश्मनी ठाने हुए है.’
उन्होंने कहा, ‘ये बीजेपी सरकार ही है, जिसने दिल्ली में कर्तव्य पथ पर, इंडिया गेट के सामने नेताजी सुभाष बाबू की प्रतिमा लगाई है. पहली बार लाल किले से आजाद हिंद फौज के योगदान को नमन किया गया. अंडमान निकोबार में नेताजी के नाम पर द्वीप का नाम रखा गया. पहले 26 जनवरी के कार्यक्रम 24 या 25 तारीख से शुरू होते थे और 30 जनवरी को पूरे होते थे. हमने ये कार्यक्रम बदल दिया. हमने अब 23 जनवरी यानी सुभाष बाबू की जन्मजयंती से शुरू किया और महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर पूरा करने का तय किया.’

वंदे मातरम् को बनाना है विकसित भारत का मंत्र’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हुगली और वंदे मातरम् का रिश्ता तो और भी विशेष है. कहते हैं कि यहीं पर ऋषि बंकिम जी ने वंदे मातरम् को उसका पूर्ण स्वरूप दिया. जिस प्रकार वंदे मातरम् आजादी का उद्घोष बना था, उसी तरह हमें वंदे मातरम् को, पश्चिम बंगाल और भारत को विकसित बनाने का मंत्र भी बनाना है.’

‘बिहार में पश्चिम बंगाल में जंगलराज को रोकेंगे’

पीएम मोदी ने कहा, ‘बीजेपी की सरकार बनते ही प्लास्टिक के लिए ठोस नीति बनाई जाएगी और जूट के पैकेजिंग को और बढ़ावा दिया जाएगा जिससे यहां के जूट व्यापर को और बल मिलेगा.’ उन्होंने कहा कि हुगली में बहुत बड़ी मात्रा में आलू और प्याज की खेती होती है और अन्य सब्जियां भी उगाई जाती हैं. दुनिया में फ्रेश सब्जियों की बहुत बड़ी डिमांड है. साथ ही पैकेज सब्जियों के लिए भी दुनिया बहुत बड़ा मार्केट है. मेरा तो सपना है कि दुनिया भर के बाजारों में भारत के किसान, भारत के पशुपालक और भारत के मछुआरे धूम मचा दें.’
उन्होंने कहा, ‘सभी एक ही भाव से एक ही आस लेकर आए हैं कि हमें असली परिवर्तन चाहिए. हर कोई 15 साल के महा जंगलराज को बदलना चाहता है और अभी तो बीजेपी एनडीए ने बिहार में एक बार फिर से जंगल राज को रोका है और अब पश्चिम बंगाल से भी टीएमसी के महा जंगलराज को बदलने के लिए तैयार है.’

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *