MP ग्रोथ समिट, अमित शाह आज करेंगे दो लाख करोड़ के उद्योगों का शिलान्यास, ग्वालियर में जुटेंगे देश के बड़े उद्योगपति

ग्वालियर: मध्य प्रदेश में उद्योग और निवेश को नई दिशा देने के उद्देश्य से ग्वालियर में अभ्युदय एमपी ग्रोथ समिट का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के समापन अवसर पर हो रहा है। गुरुवार को मेला मैदान में दोपहर 11 बजे आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करीब दो लाख करोड़ रुपये के उद्योगों का भूमिपूजन और शिलान्यास करेंगे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित प्रदेश सरकार के मंत्री और विधायक मंचासीन रहेंगे। एमपी ग्रोथ समिट में एक लाख लोगों की उपस्थिति का दावा किया गया है। इस दौरान 10 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव, आशय पत्र और आवंटन पत्र भी वितरित किए जाएंगे।

समिट में देशभर से करीब तीन हजार उद्योगपतियों की भागीदारी प्रस्तावित है। कार्यक्रम से पूर्व गृह मंत्री अमित शाह शिंदे की छावनी स्थित कमल सिंह का बाग में अटल बिहारी वाजपेयी के निवास पर परिवार के सदस्यों से भेंट कर सकते हैं। इसके साथ ही महाराज बाड़ा के गोरखी परिसर में नवनिर्मित अटल म्यूजियम का लोकार्पण भी प्रस्तावित है।
अटल म्यूजियम में अटलजी से जुड़ी स्मृतियों को संजोया गया है। यहां कई फोटो गैलरियां हैं और एआइ तकनीक से वह कक्ष भी विकसित किया गया है, जहां से अटलजी ने पोखरण परमाणु परीक्षण की निगरानी की थी। समिट स्थल पर भी अटलजी की स्मृति में विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है।

एक लाख करोड़ के उद्योग, 60 हजार करोड़ की परियोजनाएं

समिट के दौरान जिन उद्योगों और विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा, उनमें औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के एक लाख करोड़ रुपये के उद्योग और ऊर्जा विभाग की 60 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं।
प्रमुख उद्योगों में गौतम सोलर पावर प्रा. लि. (4,000 करोड़), एजीआइ ग्रीनपेक लि. (1,500 करोड़), जे.के. टायर एंड इंडस्ट्रीज लि. (1,200 करोड़), के.डब्ल्यू. इंजीनियरिंग (650 करोड़) और सात्विक एग्रो प्रोसेसर्स प्रा. लि. (300 करोड़) शामिल हैं।
भूमि आवंटन प्राप्त जिन उद्योगों को आशय पत्र और आवंटन आदेश दिए जाएंगे, उनमें मैकेन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (3,800 करोड़), श्याम सेल्स एंड पावर लिमिटेड (1,250 करोड़) और ग्रीनवेट प्राइवेट लिमिटेड (300 करोड़) प्रमुख हैं।

समिट में शामिल होंगे ये प्रमुख उद्योगपति

अभ्युदय एमपी ग्रोथ समिट में जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन अंशुमन सिंघानिया, गौतम सोलर पावर प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक गौतम मोहनका, भीलवाड़ा समूह के चेयरमैन रिझु झुनझुनवाला, गोदरेज ग्रुप से नादिर गोदरेज, एलिक्जिर इंडस्ट्रीज के अरुण गोयल और ग्रीनको समूह के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार की मौजूदगी प्रस्तावित है।

कई बार सड़कों पर वीवीआइपी मूवमेंट रहेगा

केंद्रीय गृह मंत्री के ग्वालियर आगमन से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित अन्य केंद्रीय, राज्यमंत्री ग्वालियर पहुंच जाएंगे। बुधवार शाम करीब सात बजे से लेकर 25 दिसंबर को कार्यक्रम संपन्न होने तक कई बार शहर की सड़कों पर वीवीआइपी मूवमेंट रहेगा।

पुलिस ने एडवायजरी जारी की

विमानतल से लेकर मेला ग्राउंड और होटल तक कई बार, कई रास्तों पर ट्रैफिक रोका जाएगा। इसके लिए पुलिस ने एडवायजरी भी जारी कर दी है। वहीं पुलिस ने सुरक्षा प्लान भी तैयार कर लिया है। सुरक्षा में करीब 4500 जवान रहेंगे। ऊंची इमारतों पर स्नाइपर तैनात होंगे। कार्यक्रम स्थल से लेकर होटल तक कड़ी सुरक्षा रहेगी।

सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश शहर में प्रतिबंधित रहेगा। भिंड, मालनपुर की तरफ जाने वाले सभी वाहन लक्ष्मणगढ़ पुल होते हुए निरावली, अटल गेट, जलालपुर चौराहा से सागरताल होते हुए जाएंगे। भिंड, मालनपुर से आने वाले वाहन बेहटा चौकी, बड़ागांव पुल से एमएच तिराहा, हुरावली तिराहा, सचिन तेंदुलकर मार्ग होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे।

इन रूटों पर ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट

• गोला का मंदिर चौराहा से एमआइटीएस, दूध डेयरी तिराहे से इंद्रमणि नगर मार्ग, दुल्लपुर रोड से सूर्य नमस्कार तिराहा तक मार्ग पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। मुरैना से आने वाले वाहन निरावली से प्रवेश करेंगे। मुरार से मुरैना की तरफ जाने वाले वाहन छह नंबर चौराहा, आर्मी एरिया, बड़ागांव हाईवे होते हुए जा सकेंगे।
• मुरैना से दतिया, झांसी, शिवपुरी की तरफ जाने वाले वाहन निरावली से प्रवेश कर रायरू, अटल द्वार से मोतीझील, बहोड़ापुर, बेला की बावड़ी होते हुए जा सकेंगे।
• मांढ़रे की माता से बहोड़ापुर जाने वाले वाहन इंदरगंज से डायवर्ट होकर पाटनकर बाजार, नई सड़क, हनुमान चौराहा, जीवाजीगंज, कटी घाटी होते हुए जा सकेंगे।
• बहोड़ापुर से शिंदे की छावनी होते हुए मांढ़रे की माता चौराहे की तरफ जाने वाले वाहन बहोड़ापुर से कटीघाटी, जीवाजीगंज से हनुमान चौराहा, नई सड़क, पाटनकर चौराहा, इंदरगंज चौराहा, अचलेश्वर मंदिर होते हुए जा सकेंगे।
• कोटेश्वर मंदिर से कंपू जाने वाले वाहन बहोड़ापुर से कटीघाटी, हनुमान चौराहा, पाटनकर चौराहा, इंदरगंज होते हुए जा सकेंगे।
• कंपू से पड़ाव जाने वाले वाहन अचलेश्वर चौराहा, चेतकपुरी होते हुए जा सकेंगे। कोटेश्वर मंदिर से शिंदे की छावनी जाने वाले दोपहिया वाहनों को छोड़कर सभी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
• चिरवाई नाका से विक्की फैक्ट्री, बेला की बावड़ी, गोल पहाड़िया, हुरावली, मोहनपुर, बड़ागांव, लक्ष्मणगढ़ पुल, सुसैरा कोठी से शहर में आने वाले वाहन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेंगे।

अभ्युदय एमपी ग्रोथ समिट का शुभारंभ करेंगे शाह

अमित शाह अटलजी के जन्मदिन पर गुरुवार को मेला मैदान पर राज्यस्तरीय आयोजन अभ्युदय एमपी ग्रोथ समिट में दो लाख करोड़ के उद्योगों का शुभारंभ-भूमि पूजन करेंगे।
इस दौरान उद्योगपतियों से मुलाकात कराने की व्यवस्था भी की गई है। समिट का आयोजन सुबह 11 बजे से होगा जिसमें दो घंटे शाह मौजूद रहेंगे। उसके बाद यहां से रीवा जाएंगे। मेला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री सिंधिया सहित प्रदेश के मंत्रीगण-विधायक भी मंच पर रहेंगे।
एमपी ग्रोथ समिट में प्रदेश में उद्योग-निवेश के लिए हुए प्रयासों को एक ही मंच से लोकार्पित व शिलान्यास किया जाएगा। इसमें 10 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव,आशय पत्र व आवंटन पत्र भी दिए जाएंगे। एक लाख लोगों की मौजूदगी का दावा है, जिसमें ग्वालियर-चंबल अंचल के सभी जिलों से लोगों को लाया जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *