पाकिस्तान और चीन पर आफत?, 2026 तक बाकी बचे S-400 मिसाइल एयर डिफेंस सिस्टम भारत को देगा रूस

पड़ोसी देश पाकिस्तान के साथ चल रहे तनाव के बीच भारत के दूसरे पड़ोसी और मित्र देश ने ऐसी जानकारी दी है, जिससे पाकिस्तान की नींद हराम हो गई है। दरअसल, भारत में रूस के उप राजदूत रोमन बाबुश्किन ने सोमवार (02 जून) को कहा कि भारत को एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम S-400 की बाकी बची खेप निर्धारित समय के अनुसार अगले साल यानी 2026 तक मिल जाएगी। S-400 वही मिसाइल सिस्टम है, जिसने पिछले महीने चार दिनों के सैन्य झड़प में पाकिस्तान के हर हमले को नाकाम कर दिया था।

एस-400 मिसाइल सिस्टम ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर में बेहतरीन प्रदर्शन किया था और पाकिस्तान की तरफ से दागे गए हरेक ड्रोन और मिसाइलों को नाकाम कर दिया था। रूस के साथ भारत की अतिरिक्त मिसाइल प्रणाली की आपूर्ति के लिए बातचीत चल रही है। इस पर रूसी उप राजदूत बाबुश्किन ने ये नई जानकारी दी है।

कब तक मिलेगी बाकी बची खेप?

समाचार एजेंसी पीटीआई से रोमन बाबुश्किन ने कहा, “हमने सुना है कि भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष के दौरान एस-400 ने बहुत कुशलतापूर्वक काम किया है।” उन्होंने कहा कि भारत और रूस के बीच रक्षा समेत कई मुद्दों पर सहयोग का एक लंबा इतिहास रहा है। बाबुश्किन ने कहा, “जहां तक ​​मेरी जानकारी है, बाकी बचे एस-400 मिसाइल सिस्टम के लिए अनुबंध तय प्रोग्राम और निर्धारित अवधि के तहत ही होगा। हम वायु रक्षा प्रणाली पर बातचीत के विस्तार की चर्चा के लिए इस साझेदारी को बढ़ावा देने के लिए तैयार हैं… मुझे लगता है कि यह 2025, 2026 में इसे पूरा कर लिया जाएगा।”

बता दें कि भारत ने 2018 में रूस के साथ पांच S-400 एंटी मिसाइल डिफेंस सिस्टम के लिए 5.43 अरब डॉलर का अनुबंध किया था। पांच में से तीन सिस्टम को क्रमशः पाकिस्तान और चीन की सीमा से लगे पश्चिमी और उत्तरी मोर्चों पर तैनात किया गया है। एस-400 की पहली खेप भारत को दिसंबर 2021 में मिली थी, जबकि दूसरी और तीसरी खेप क्रमशः अप्रैल 2022 और अक्टूबर 2023 में मिली थी।

पाकिस्तान की नींद क्यों उड़ी?

सुदर्शन चक्र के रूप में मशहूर इस डिफेंस सिस्टम यानी S-400 380 किलोमीटर की दूरी पर दुश्मन के बमवर्षकों, फाइटर जेट विमानों, जासूसी विमानों, मिसाइलों और ड्रोन का पता लगा सकता है और उन्हें नष्ट कर सकता है। रूसी दूत द्वारा बाकी बचे खेप की समय सीमा के तहत आपूर्ति की खबर से पाकिस्तान की नींद फिर उड़ गई है क्योंकि यह डिफेंस सिस्टम पाकिस्तान की हर चाल को नाकाम कर सकता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *