आखिरकार भारत ने पाकिस्तान के आतंकी संगठनों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई कर ही दी। इंडियन एयरफोर्स ने मंगलवार आधी रात 1:05 बजे पाकिस्तान और पीओके, यानी पाक अधिकृत कश्मीर के भीतर एयर स्ट्राइक की।
इस हमले में 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया है। इसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए हैं। भारत की ये जवाबी कार्रवाई पहलगाम हमले के 15 दिन बाद की गई है और इसका नाम दिया है ‘ऑपरेशन सिंदूर’।
ये नाम उन महिलाओं को समर्पित है, जिनके पतियों की पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकियों ने हत्या कर दी थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कैबिनेट बैठक में पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के लिए तीनों सेनाओं की तारीफ की। ऑपरेशन सिंदूर पर कहा कि ये नया भारत है। पूरा देश हमारी ओर देख रहा था। ये तो होना ही था।
पाकिस्तान के इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के डायरेक्टर लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने कहा- भारत ने 24 मिसाइलें दागी हैं। न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पीएम मोदी ऑपरेशन सिंदूर को पूरी रात मॉनिटर करते रहे।

सरकार ने एयर स्ट्राइक के 9:30 घंटे बाद जानकारी दी
सेना ने एयर स्ट्राइक के 9:30 घंटे बाद सुबह 10:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें विदेश सचिव विक्रम मिसरी और आर्मी की कर्नल सोफिया कुरैशी और एयरफोर्स से विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी। सबसे पहले एयर स्ट्राइक का 2 मिनट का वीडियो प्ले किया गया। इसमें आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की कार्रवाई दिखाई गई।

कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने बताया कि रात 1:05 बजे और 1:30 बजे के बीच ऑपरेशन हुआ। 25 मिनट में पाकिस्तान और पीओके में 9 टारगेट पहचाने गए थे। इन्हें हमने तबाह कर दिया। लॉन्चपैड, ट्रेनिंग सेंटर्स टारगेट किए गए।
• पीओके में मुजफ्फराबाद स्थित लश्कर के सवाई नाला ट्रेनिंग सेंटर को सबसे पहले निशान बनाया गया। सोनमर्ग, गुलमर्ग और पहलगाम हमले के आतंकियों ने यहीं ट्रेनिंग ली थी।
• मुजफ्फराबाद का सैयदना बिलाल कैंप। यहां हथियार, विस्फोटक और जंगल सर्वाइवल की ट्रेनिंग दी जाती थी।
• कोटली का लश्कर का गुरपुर कैंप। पूंछ में 2023 में श्रद्धालुओं पर हमला करने वाले आतंकी यहीं ट्रेंड हुए थे।
• भिम्बर का बरनाला कैंप। यहां हथियार चलाना सिखाया जाता है।
• कोटली का अब्बास कैंप। यह एलओसी से 13 किमी दूर है। यहां फिदायीन तैयार होते हैं।
• सियालकोट का सरजल कैंप। मार्च 2025 में पुलिस जवानों की हत्या के आतंकवादियों को यहीं ट्रेन किया गया था।
• सियालकोट का हिजबुल महमूना जाया कैंप। पठानकोट हमला यहीं प्लान किया गया।
• मुरीदके का मरकज तैयबा कैंप। अजमल कसाब और डेविड कोलमैन हेडली यहीं ट्रेन हुए थे।।
• मस्जिद सुभान अल्लाह बहावलपुर जैश का हेडक्वार्टर था। यहां रिक्रूटमेंट, ट्रेनिंग दी जाती थी। बड़े अफसर यहां आते थे।
हमले पर पाकिस्तानी मीडिया और सरकार के 3 अलग बयान
• पहला: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने जियो टीवी से कहा- भारत ने अपनी हवाई सीमा से पाकिस्तान पर मिसाइल हमले किए हैं, जो नागरिक इलाकों पर गिरे।
• दूसरा: पाकिस्तानी मीडिया ने दावा किया- पाकिस्तानी सेना ने 6 भारतीय फाइटर जेट मार गिराए। इनमें 3 राफेल, 2 मिग-29 और एक सुखोई शामिल है। LoC के पास भारतीय चेकपोस्ट भी तबाह किए हैं।
• तीसरा: हमले की लोकेशन और मरने वालों की अलग-अलग संख्या। पाकिस्तान ने रात 2 बजे कहा- हमले 5 ठिकानों पर हुए और 3 लोगों की मौत हुई। 3 घंटे बाद यानी सुबह 5 बजे इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) डायरेक्टर अहमद शरीफ चौधरी ने कहा, ‘भारत ने 6 इलाकों में 24 मिसाइलें दागीं। इनमें 8 नागरिक मारे गए, 35 घायल और 2 लापता हैं।’
इनमें लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर हाफिज अब्दुल मलिक भी शामिल है। मलिक मुरीदके स्थित मरकज तैयबा एयर स्ट्राइक में मारा गया।
बीबीसी उर्दू की रिपोर्ट के मुताबिक, जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मौलाना मसूद अजहर ने कहा है कि सुभान अल्लाह मस्जिद पर किए गए हमले में उसके परिवार के 10 सदस्य और चार करीबियों की मौत हो गई।
इस बीच, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि पाकिस्तान अपनी हिफाजत कर सकता है, लेकिन भारत रुक जाता है तो हम भी रुक जाएंगे।
जयशंकर ने स्पेन के विदेश मंत्री से बात की
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने X पर लिखा- मैंने स्पेन के फॉरेन मिनिस्टर जोसे मैनुअल अल्बारेस से बात की। उन्हें भारत के सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ अपने निर्धारित एक्शन के बारे में बताया।
46 मिनट पहले
पहलगाम आतंकी हमले पर NIA की अपील, जनता से मांगी मदद
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर जनता से मदद मांगी है। NIA ने कहा कि अगर किसी के पास इस हमले से जुड़ी कोई जानकारी, फोटो या वीडियो है, तो तुरंत साझा करें।NIA ने इसके लिए दो नंबर जारी किए हैं – मोबाइल: 9654958816 और लैंडलाइन: 011-24368800। जानकारी देने वालों से एक वरिष्ठ अधिकारी संपर्क करेगा।
सुनक बोले- भारत का आतंकी ठिकानों पर हमला जायज
ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा कि किसी भी देश को यह स्वीकार नहीं करना चाहिए कि उसकी सरजमीं पर किसी और देश से आतंकी हमले किए जाएं। सुनक ने भारत के जवाबी हमलों को सही ठहराते हुए कहा, ‘भारत का आतंकियों के ढांचे पर हमला करना पूरी तरह जायज है। आतंकवादियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।’
04:58 pm 7 मई 2025
पाकिस्तान बोला- भारत ने युद्ध के लिए उकसाया
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में हुई राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की बैठक में भारत के हमले को पाकिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन करार दिया गया। शहबाज ने कहा- इस कार्रवाई से भारत ने हमें युद्ध के लिए उकसाया है। बैठक में सेना प्रमुखों, आईएसआई चीफ और कई केंद्रीय मंत्रियों ने हिस्सा लिया।
04:48 pm 7 मई 2025
राजनाथ बोले- सेना ने सटीक ऑपरेशन किया
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- एक तरीके से देखा जाए तो हम कह सकते हैं यह एक तरह से सटीकता और मानवीयता हमारे जवानों ने दिखाई। मैं सेना को साधुवाद देता हूं। जिन आतंकियों ने हमारे लोगों को मारा था, सेना ने उनके कैंप नष्ट कर दिए। इसमें किसी भी सिविलियन्स को कोई नुकसान नहीं हुआ। राजनाथ BRO के स्थापना दिवस कार्यक्रम में बोल रहे थे।
04:17 pm 7 मई 2025
नरेंद्र मोदी स्टेडियम को बम से उड़ाने की धमकी
गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (जीसीए) को पाकिस्तान से एक ईमेल आया है, जिसमें नरेंद्र मोदी स्टेडियम को विस्फोट कर उड़ाने की धमकी दी गई है। जीसीए ने अहमदाबाद पुलिस को इसकी सूचना दी और अहमदाबाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और बम निरोधक दस्ते की एक टीम ने स्टेडियम में जांच की है।
इस बारे में एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ने बताया कि यह ई-मेल पाकिस्तान जेके के नाम से आया था और एक लाइन में ‘वी विल ब्लास्ट योर स्टेडियम’ लिखा था। आगामी दिनों में यहां आईपीएल के मैच भी होने हैं।
राहुल बोले- सेना को सलाम
राहुल गांधी बोले- हम सेनाओं को पूरा समर्थन देते हैं। हमारा पूरा सपोर्ट है। हमारे जवानों को पूरा समर्थन है।
03:53 pm 7 मई 2025
खड़गे बोले- सेना की बहादुरी को सलाम
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- देश की सेना की बहादुरी को सलाम है। उनके साथ हम कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। हमारे भारतीय शस्त्र बलों पर हम गर्व करते हैं, जिन्होंने पाकिस्तान और POK के अंदर के ठिकानों पर साहसिक कार्रवाई की। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के दिन से ही कांग्रेस सेना और सरकार के साथ खड़ी थी।
03:44 pm 7 मई 2025
ईरान बोला- दोनों देश संयम से काम लें
ईरान ने भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव को लेकर गहरी चिंता जताई है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकेई ने दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की।
![]()