बेगूसराय में आधा घंटा रुके राहुल गांधी, कांग्रेस की यात्रा में एक किलोमीटर पैदल चले

कांग्रेस नेता राहुल गांधी बिहार के बेगूसराय में सोमवार को लगभग आधा घंटा रुके। इस दौरान वे कांग्रेस की ‘नौकरी दो पलायन रोको’ यात्रा में भी शामिल हुए। राहुल यात्रा में लगभग एक किलोमीटर तक पैदल चले। वे 20-25 मिनट यात्रा में रहे, फिर राजधानी पटना के लिए रवाना हो गए। पटना में दोपहर को राहुल गांधी ने कांग्रेस के संविधान सुरक्षा सम्मेलन को संबोधित किया। इसके बाद बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश कार्यालय में पार्टी के नेताओं के साथ बैठक भी की।

राहुल गांधी सोमवार सुबह 11 बजे बेगूसराय के सुभाष चौक पर कांग्रेस की पदयात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कपास्या चौक तक एक किलोमीटर पैदल चलकर यात्रा में शामिल लोगों के साथ कदमताल मिलाए। इस दौरान घरों की छतों और चौक-चौराहों से राहुल गांधी की एक झलक पाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि, राहुल ने बेगूसराय में कोई सार्वजनिक भाषण नहीं दिया।

बता दें कि बेरोजगारी और युवाओं के पलायन जैसे मुद्दों को केंद्र में रखकर मोतिहारी से निकाली गई नौकरी दो, पलायन रोको यात्रा सोमवार को बेगूसराय पहुंची। इस यात्रा का नेतृत्व एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार और इंडियन यूथ कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष गरीब दास कर रहे हैं। कन्हैया बेगूसराय से सीपीआई के टिकट पर लोकसभा का चुनाव भी लड़ चुके हैं।

गिरिराज सिंह बोले- बेगूसराय से भाग निकले राहुल गांधी

केंद्रीय मंत्री एवं बेगूसराय से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी के बेगूसराय दौरे पर तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “राहुल गांधी का बेगूसराय दौरा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मुंह पर तमाचा साबित हुआ। कार्यकर्ताओं ने पेट काटकर स्टेज बनाया, युवाओं ने 15 दिन मेहनत की और नेता जी आधे घंटे में बिना किसी से मिले, बिना जनसभा किए निकल लिए! ये दौरा नहीं, अपमान था। बेगूसराय को उनसे वैसे ही कोई उम्मीद नहीं थी ..लेकिन उनके हिट एंड रन की राजनीति ने राजनीति को और भी शर्मसार किया है। बेगूसराय में उन्हें कोई मुद्दा नहीं मिला तो वे अपना तय कार्यक्रम भी छोड़कर भाग निकले।”

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *