मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ का रविवार सुबह निधन हो गया. वह 81 वर्ष के थे. अरविंद सिंह मेवाड़ लंबे समय से बीमार थे और उदयपुर स्थित उनके आवास पर उनका इलाज किया जा रहा था. पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि रविवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली. वह भगवंत सिंह मेवाड़ और सुशीला कुमारी के पुत्र थे. उनके बड़े भाई महेंद्र सिंह मेवाड़ का पिछले साल नवंबर में निधन हो गया था.
अरविंद सिंह मेवाड़ के बेटे लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने अपने इंस्टग्राम हैंडल से ‘एकलिंग दीवान’ के अंतिम दर्शन और यात्रा की जानकारी दी है. उनकी पोस्ट में लिखा है, ‘अत्यन्त दुःख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि मेरे पिता अरविंद सिंह मेवाड़ का रामशरण चैत्र कृष्ण द्वितीया, रविवार, दिनांक 16 मार्च 2025 को निधन हो गया है. अंतिम दर्शन 17 मार्च 2025, सोमवार, समय प्रातः 7 बजे से कर सकेंगे. अंतिम यात्रा 17 मार्च 2025, सोमवार, समय प्रातः 11 बजे शम्भु निवास से शुरू होकर बड़ी पोल, जगदीश चौक, घंटाघर, बड़ा बाजार, देहली गेट होकर महासतियां के लिये प्रस्थान करेगी.’
शम्भू निवास रखा गया अरविंद सिंह मेवाड़ का पार्थिव देह
अरविंद सिंह मेवाड़ के पार्थिव देह को उनके निवास स्थान शम्भू निवास में रखा गया है, जहां पर उनके नजदीक रिश्तेदार ओर करीबी लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है. सिटी पैलेस के अंदर से एक वीडियो भी सामने आई है, जिसमें लोग सफेद कपड़ों में नजर आ रहे हैं. माहौल गमगीन है और सन्नाटा पसरा हुआ है.
अरविंद सिंह मेवाड़ को ओम बिरला ने दी श्रद्धांजलि
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने एक्स पर लिखा, ‘मेवाड़ पूर्व राजपरिवार के वरिष्ठ सदस्य अरविन्द सिंह मेवाड़ का देवलोकगमन अत्यंत दुःखद है. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति तथा शोकाकुल परिजनों व समर्थकों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्रदान करें. ॐ शांति.’
अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन पर दिया कुमारी का ट्वीट
राजस्थान की डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने एक्स पर लिखा, ‘अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें व शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें. ॐ शांति.’
अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताया शोक
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, ‘मेवाड़ राजघराने के सदस्य एवं महाराणा प्रताप के वंशज अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन से मुझे अत्यंत दुख हुआ है. राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करने में उनकी महती भूमिका रही है. उन्होंने आजीवन जनकल्याण एवं समाज कल्याण के लिए काम किया. मैं उनके परिजनों और प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना प्रेषित करता हूं. ॐ शांति.’
अरविंद सिंह मेवाड़ को अशोक गहलोत ने दी श्रद्धांजलि
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक्स पर लिखा, ‘उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन पर गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को यह दुख सहन करने की हिम्मत प्रदान करें.’
मेरे पिता से उनका आत्मीय संबंध रहा: ज्योतिरादित्य सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक्स पर लिखा, ‘उदयपुर राजपरिवार के वंशज अरविंद सिंह मेवाड़ का दुखद निधन पूरे राजस्थान के लिए एक अपूरणीय क्षति है. मेरे पिताजी माधवराव सिंधिया एवं हमारे समस्त परिवार के साथ उनका एक घनिष्ठ एवं आत्मीय संबंध रहा. अपने सरल व्यक्तित्व व श्रेष्ठ विचारों के साथ उन्होंने मेवाड़ की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं उनके परिजनों को यह आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करें. ॐ शांति.’
![]()