उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने अपनी कमर कस ली है. बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने आज लखनऊ में यूपी स्टेट यूनिट के पदाधिकारियों के साथ एक बड़ी समीक्षा बैठक की. उन्होंने जनता से अपील की है कि वो विरोधी पार्टियों की छल वाली राजनीति से खुद को बचाकर रखें.
इस बैठक में पार्टी संगठन को पोलिंग बूथ स्तर तक मजबूत करने, चुनाव की तैयारियों, पार्टी के आर्थिक सहयोग और सर्वसमाज में जनाधार बढ़ाने पर चर्चा की गई. मायावती ने इस दौरान पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की प्रगति रिपोर्ट देखी.
उन्होंने बैठक में पदाधिकारियों को आगाह भी किया कि देश में आज चुनावों के दौरान जिस तरह की नई चुनौतियां सामने आ रही हैं, उन्हें देखते हुए पार्टी की तैयारियों को और ज्यादा मुस्तैद बनाने की जरूरत है.
यूपी में पांचवीं बार BSP सरकार बनने का दावा
मायावती ने भरोसा जताया कि राज्य में बीएसपी के पक्ष में जन रुझान लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वो पूरी ताकत से जमीन पर काम करें ताकि उत्तर प्रदेश में पांचवीं बार बीएसपी सरकार बनाने का मिशनरी लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जा सके. उन्होंने ये भी कहा कि यूपी विधानसभा आम चुनाव को लेकर जन-उपयोगी और मजबूत उम्मीदवारों का चुनाव किया जा रहा है.
इस दौरान मायावती ने केंद्र और विपक्षी राज्य सरकारों की नीतियों पर हमला भी बोला. उन्होंने कहा कि देश के वर्तमान राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक हालात काफी दुखद और कड़वे हैं, जिससे आम लोगों में बेचैनी होना स्वाभाविक है.
उन्होंने कहा, ‘बड़े-बड़े पूंजीपतियों और धन्नासेठों का समर्थन करने वाली नीतियों और राजनीति के चलते आज समाज के सभी वर्गों का नुकसान हो रहा है. ये बात आज सबके सामने साफ है. मेरी सलाह है कि सभी सरकारें कल्याणकारी होने के अपने संवैधानिक दायित्व को निभाने से मुंह न मोड़ें, तो यही देश के लिए बेहतर होगा.’
‘आयरन लेडी नेतृत्व पर करना होगा भरोसा’
मायावती ने कहा कि आज देश की आम जनता कई तरह के संकटों से जूझ रही है. ऐसे समय में सरकारों को खासकर रोजी-रोटी, समाज में शांति-सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने जैसी जनहित की बुनियादी जिम्मेदारियों पर अपना ध्यान देना चाहिए. उनके मुताबिक, अगर सरकारें इन मोर्चों पर सही काम करेंगी, तो जनता को संकटों से राहत जरूर मिलेगी.
मायावती ने यूपी की जनता से कहा कि लोगों का आत्म-सम्मान के साथ जीना मुश्किल हो जाना अच्छी बात नहीं है. उन्होंने कहा कि यूपी की जनता को इन तमाम समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए एक बार फिर पूरी तरह से आजमाई हुई पार्टी बीएसपी और उसके ‘आयरन लेडी’ नेतृत्व पर भरोसा करना ही होगा. तभी राज्य में कानून का राज और सबका विकास मुमकिन हो पाएगा.
![]()