नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ हुई कार्रवाई से तिलमिलाई कांग्रेस आज महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन कर रही है। दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा कि देश में लोकतंत्र खत्म हो चुका है। रोज लोकतंत्र की हत्या हो रही है। हम महंगाई और बेरोजगारी जैसे आम जनता के मुद्दे उठाना चाहते हैं, लेकिन सरकार हमें दबा रही है। गिरफ्तार कर रही है। बकौल राहुल गांधी, कांग्रेस ने 70 साल में जो बनाया था उसे 8 साल में मोदी सरकार ने ख़त्म कर दिया है। देश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है और सब तमाशा देख रहे है हैं।
राहुल गांधी के आरोपों का जवाब देने के लिए भाजपा ने तत्काल प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पूर्व कानून मंत्री और वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी को लोकतंत्र की चिंता सता रही है, जिनकी दादी ने देश में इमरेंजसी लगाई थी। कांग्रेस के राज में देश ने लोकतंत्र की हत्या देखी है। कांग्रेस के राज में भ्रष्टाचार हावी था।
राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस की बड़ी बातें
हम लोकतंत्र की मौत देख रहे हैं। भारत ने लगभग एक सदी पहले से जो बनाया है, वह आपकी आंखों के सामने नष्ट हो रहा है। आज जो कोई भी इस तानाशाही के खिलाफ खड़ा होता है, उस पर शातिर हमला किया जाता है, जेल में डाला जाता है, गिरफ्तार किया जाता है और पीटा जाता है।
वो चाहते हैं कि आम लोगों के मुद्दे – चाहे महंगाई, बेरोजगारी, समाज में हिंसा – को नहीं उठाया जाना चाहिए। 4-5 लोगों के हितों की रक्षा के लिए एजेंडा चलाया जा रहा है और यह तानाशाही 2-3 बड़े व्यापारियों के हित में 2 लोगों द्वारा चलाई जा रही है।
मेरा काम आरएसएस के विचार का विरोध करना है और मैं इसे करने जा रहा हूं। जितना अधिक मैं यह करूंगा, उतना ही मुझ पर आक्रमण होगा, मुझ पर उतना ही अधिक आक्रमण होगा। मैं खुश हूं, मुझ पर हमला करो।