कर्नाटक सरकार के पूर्व मंत्री और मौजूदा विधायक केएस ईश्वरप्पा विवादित बयान देकर एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। ईश्वरप्पा ने सोमवार को कहा- इसमें कोई शक नहीं है कि RSS का झंडा एक दिन राष्ट्रीय ध्वज बनेगा। उन्होंने कहा कि भगवा बलिदान का प्रतीक है। हजारों साल से लोगों के मन में भगवा के प्रति सम्मान है, इसीलिए केसरिया झंडे के सामने RSS प्रार्थना करता है।
लाल किले में फहराया जाएगा भगवा झंडा: ईश्वरप्पा
भारतीय जनता पार्टी के विधायक केएस ईश्वरप्पा ने पहले भी कई बार भगवा झंडे को लेकर बयान दे चुके हैं। कुछ समय पहले ही ईश्वरप्पा ने कहा था कि भविष्य में तिरंगे की जगह भगवा झंडा ले सकता है। आने वाले समय में लाल किले में भगवा झंडा फहराया जाएगा। हालांकि इसमें अभी काफी वक्त लग सकता है।
ईश्वरप्पा बोले थे, एंटी नेशनल भी अब गाएंगे राष्ट्रगान
यूपी सरकार के मदरसे में राष्ट्रगान अनिवार्य करने के मुद्दे पर भाजपा विधायक केएस ईश्वरप्पा ने हमारे देश में अब एंटी नेशनल भी राष्ट्रगान गाते दिखेंगे। उन्होंने आगे कहा था कि जो समुदाय आतंकी तैयार करता है, अब उस समुदाय के लोग भी राष्ट्रगान गाएंगे।
ईश्वरप्पा ने ठेकेदार से कमीशन की मांग की थी
कर्नाटक सरकार में ईश्वरप्पा ग्रामीण विकास और पंचायती राज्य मंत्री थे। उन पर एक ठेकेदार को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा था। आरोप लगाया गया था कि ईश्वरप्पा ने ठेकेदार से कमीशन मांगा था, जिसके बाद ठकेदार ने पीएम और सीएम से शिकायत की थी। जब सुनवाई कहीं नहीं हुई तो उसने परेशान होकर सुसाइड कर लिया था। इसी मामले के चलते ईश्वरप्पा को मंत्रीपद से इस्तीफा देना पड़ा था।