बजट सत्र आज सोमवार से शुरू हो रहा है। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के विरोध में कांग्रेस विधायक साइकिल से विधानसभा की तरफ बढ़ रहे हैं। पुलिस ने PEB के सामने बैरिकेड्स लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक दिया। सिर्फ कांग्रेस विधायकों को ही विधानसभा जाने दिया। इसके पहले सुबह साढ़े नौ बजे पूर्व मंत्री व विधायक PC शर्मा, जीतू पटवारी, संजय यादव, कुणाल चौधरी समेत अन्य विधायक शिवाजी नगर 6 नंबर बस स्टॉप पर पहुंच गए थे। इससे पहले कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल और महंगाई बढ़ने के विरोध में शनिवार को आधे दिन का बंद बुलाया था।
पूर्व मंत्री और विधायक PC शर्मा ने बताया कि पेट्रोल और डीजल करीब 100 रुपए हो गया है। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत भी करीब 800 रुपए है। शर्मा बोले 2014 के चुनाव में अंतरराष्ट्रीय मार्केट में क्रूड ऑयल 112 डालर प्रति बैरल बिक रहा था। उस समय कांग्रेस की सरकार थी। तब पेट्रोल 60 और डीजल 55 रुपए प्रति लीटर था। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 400 रुपए के करीब थी।
उस वक्त भाजपा के नेता कह रहे थे कि हमारी सरकार बनेगी तो पेट्रोल-डीजल को सस्ता करेंगे और नारा लगा रहे थे कि बहुत हुई महंगाई की मार.. अबकी बार मोदी सरकार। आज अंतराष्ट्रीय मार्केट में क्रूड ऑयल की कीमत 51 डालर प्रति बैरल है। जबकि पेट्रोल और डीजल के दाम 100 रुपए के आसपास पहुंच चुके हैं। PC शर्मा बोले- अब हमारा नारा है कि बहुत हुई महंगाई की मार, अब काहे की मोदी सरकार।
पेट्रोल-डीजल को GST में शामिल करने की मांग
शर्मा ने कहा कि पूरे देश में मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल पर सबसे ज्यादा वैट है। उन्होंने कहा कि शिवराज सरकार पेट्रोल-डीजल को GST में शामिल करें। ताकि जनता को बढ़ती महंगाई से राहत मिले।