भारी विदेशी निवेश और ग्लोबल मार्केट में तेजी के चलते बाजार में रिकॉर्ड तेजी है। BSE सेंसेक्स 373.74 अंक ऊपर 44,450.89 पर और निफ्टी 110.90 अंक ऊपर 13,037.35 पर कारोबार कर रहा है। हालांकि, कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 44,487.65 और निफ्टी ने 13,044.45 को टच किया। इंट्राडे के लिहाज से दोनों इंडक्स का यह सर्वोच्च स्तर है। इससे पहले 23 नवंबर को सेंसेक्स ने 44271 को और निफ्टी ने 18 नवंबर को 12,948.85 के स्तर को टच किया था।
मंगलवार को बाजार में आईटी, ऑटो और बैंकिंग शेयरों में शानदार तेजी है। निफ्टी बैंक इंडेक्स 473 अंक ऊपर कारोबार कर रहा है। वहीं, आईटी इंडेक्स और ऑटो इंडेक्स में 1-1 फीसदी की बढ़त है। BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप भी पहली बार 174 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है।
स्टॉक्स अपडेट
निफ्टी में अडाणी पोर्ट का शेयर 6% ऊपर कारोबार कर रहा है। आयशर मोटर का शेयर 3% ऊपर कारोबार कर रहा है। मारुति, टेक महिंद्रा और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 2-2 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। वहीं, गेल और ओएनजीसी के शेयरों में 1-1 फीसदी की गिरावट है। श्री सीमेंट और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी हल्की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। सुबह BSE सेंसेक्स 264.04अंक ऊपर 43,732.14 पर और निफ्टी 40.50 अंक ऊपर 13,002.60 पर खुला।
एशियाई बाजारों का हाल
आज एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई इंडेक्स 703 अंक यानी 2.76% ऊपर 26,231 पर कारोबार कर रहा है। हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स भी 30 अंकों की बढ़त के साथ 26,516 पर कारोबार कर रहा है। दूसरी ओर, चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.20% की गिरावट के साथ 3,412 पर कारोबार कर रहा है।