भोपाल।
मध्य प्रदेश में विधानसभा की 28 सीटों पर उपचुनाव के लिए वोटिंग शुरू होते ही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर ईवीएम मशीनों पर सवाल खड़े किए हैं। दिग्विजय ने कहा है कि भारत और कुछ अन्य छोटे देश ही ईवीएम मशीन का उपयोग करते हैं जबकि विकसित देशों में इसका इस्तेमाल नहीं होता।
दिग्विजय ने मंगलवार सुबह ट्वीट कर कहा कि तकनीकी युग में विकसित देश EVM पर भरोसा नहीं करते पर भारत व कुछ छोटे देशों में EVM से चुनाव होते हैं। विकसित देश क्यों नहीं कराते? क्योंकि उन्हें EVM पर भरोसा नहीं है। क्यों? क्योंकि जिसमें चिप है वह हैक हो सकती है।
कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियां पहले भी ईवीएम को लेकर सवाल खड़ी करती रही हैं। ये पार्टियां बीजेपी पर ईवीएम की हैकिंग का आरोप लगाती रही हैं। हालांकि, ऐसे आरोप अक्सर चुनावी नतीजे आने के बाद सामने आते हैं, लेकिन दिग्विजय ने इस बार वोटिंग शुरू होते ही ट्वीट कर फिर से इस विवाद को हवा दे दी है।